/शिमला पुलिस का नशा विरोधी अभियान: SSP गौरव सिंह ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

शिमला पुलिस का नशा विरोधी अभियान: SSP गौरव सिंह ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

शिमला, 13 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

जिला शिमला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शिमला गौरव सिंह (IPS) ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, छोटा शिमला (GSSS Chhota Shimla) का दौरा कर विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।

इस दौरान एसएसपी गौरव सिंह ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, इसके सामाजिक एवं मानसिक नुकसान तथा नशे से दूर रहने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे के खिलाफ अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति व्यक्त की। एसएसपी ने विद्यार्थियों से अपने परिवार, मित्रों और समाज में भी नशा विरोधी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

उल्लेखनीय है कि जिला शिमला पुलिस की ‘रुस्तम योजना’ के अंतर्गत युवाओं में नशा विरोधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।