शिमला, 13 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर नशे की रोकथाम में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में छह करोड़ रुपये से अधिक के नशीले पदार्थों की बरामदगी के बाद सरकार को यह बताना चाहिए कि इतनी बड़ी खेप मंगवाने वाला सप्लायर और पूरे नेटवर्क का किंगपिन कौन है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशा माफिया बेलगाम है और सरकार प्रभावी कार्रवाई के बजाय केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित है।

जयराम ठाकुर ने एचआईवी संक्रमण के बढ़ते मामलों पर भी चिंता जताते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में एचआईवी के मामलों में लगभग डेढ़ गुना वृद्धि हुई है तथा हाल के मामलों में 19 प्रतिशत संक्रमण बार-बार सिरिंज के इस्तेमाल से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई, जन जागरूकता और युवाओं के सहयोग से ही इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।










