बाल कवियों को किया सम्मानित।
नालागढ़, 14 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नालागढ़ प्रशासन और नालागढ़ साहित्य कला मंच के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय, नालागढ़ के सभागार में सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कवि सम्मेलन में विभिन्न कवियों ने राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकार, नशे के दुष्प्रभाव, युवा पीढ़ी, प्रकृति, संस्कृति तथा वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों जैसे विषयों पर अपनी प्रभावशाली कविताएं प्रस्तुत कीं।

रचनाओं के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ हंडूरी एवं पहाड़ी साहित्य और लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा को भी मंच मिला।

मुख्य अतिथि नरेंद्र अहलूवालिया ने कवियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि साहित्य समाज का आईना है और कविता सामाजिक जागरूकता तथा सकारात्मक सोच का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि ऐसे साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर एसडीएम ने बाल कवियों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में नालागढ़ साहित्य कला मंच के अध्यक्ष हरिराम धीमान, उपाध्यक्ष अदित कंसल, पूर्व अध्यक्ष यादव किशोर गौतम सहित मंच के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं साहित्य प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










