/खेड़ा पंचायत के वार्ड-4 में राज कूहल बंद होने से घरों में घुसा वर्षा का पानी।

खेड़ा पंचायत के वार्ड-4 में राज कूहल बंद होने से घरों में घुसा वर्षा का पानी।

संपत्तियों में जलभराव से लोग परेशान

नालागढ़ 15 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा

नालागढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत खेड़ा के वार्ड नंबर-4 में सदियों पुरानी राज कूहल को ह्यूम पाइपों के माध्यम से बंद किए जाने के बाद स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस अवैज्ञानिक कार्य के कारण वर्षा का पानी अब राज कूहल से होकर आगे निकलने के बजाय सीधे रिहायशी मकानों में प्रवेश कर रहा है।

वार्ड नंबर-4 निवासी रामा वर्मा ने बताया कि पहले वर्षा का पानी राज कूहल के रास्ते आगे नालों में चला जाता था, लेकिन जल शक्ति विभाग द्वारा ह्यूम पाइप डालकर राज कूहल को बंद करने के बाद पानी की निकासी बाधित हो गई है।

इसके चलते हाल ही में हुई बारिश के दौरान पानी उनके घरों में घुस गया, जिससे उन्हें काफी नुकसान और परेशानी का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि उनके घर में गंदा पानी घुसने से बहुत सारा सामान खराब हो गया और इस गंदगी से महामारी फैलने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन परियोजना का पानी भी उचित निकासी न होने के कारण खेड़ा खड़ तक नहीं पहुंच पा रहा है। परिणामस्वरूप पानी रिहायशी क्षेत्र में जमा होकर लोगों की संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहा है।


याद रहे कि गत दिवस पंचायत प्रतिनिधि भी इस समस्या का अवलोकन करने मौके पर पहुँचे थे और इस पानी को खेड़ा खड़ में पहुंचने के लिए बीबीएनडीए से सहयोग लेने के निर्णय पर विचार करने का आश्वासन दिया है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जल शक्ति विभाग से भी मांग की है कि वर्षा के पानी की वैज्ञानिक एवं स्थायी निकासी की व्यवस्था करते हुए इसे खेड़ा खड़ तक पहुंचाया जाए, ताकि वार्ड नंबर-4 के निवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।