/अर्की में 10 लाख की लागत से हिम-ईरा कैंटीन एवं कैफे भवन और ज्ञान सदन पुस्तकालय का लोकार्पण

अर्की में 10 लाख की लागत से हिम-ईरा कैंटीन एवं कैफे भवन और ज्ञान सदन पुस्तकालय का लोकार्पण



पंच सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों से ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भाव से कार्य करने का आह्वान

अर्की/कुनिहार, 19 अगस्त
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बुधवार को खंड विकास कार्यालय कुनिहार में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित हिम-ईरा कैंटीन एवं कैफे भवन तथा ‘ज्ञान सदन’ पुस्तकालय का लोकार्पण किया।


इस अवसर पर संजय अवस्थी ने कहा कि हिम-ईरा कैंटीन एवं कैफे के शुरू होने से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

स्थानीय उत्पादों एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


उन्होंने कहा कि ‘ज्ञान सदन’ पुस्तकालय से विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे। शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ऐसी सुविधाएं समय की आवश्यकता हैं।
इसके उपरांत विधायक ने सामुदायिक भवन कुनिहार में विकास खंड कार्यालय द्वारा आयोजित ‘पंच सम्मेलन’ की अध्यक्षता की।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिक आवश्यकताओं को चिन्हित कर विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया।


संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना, युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना तथा पंचायतों के माध्यम से विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने प्रतिनिधियों से आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाने का आग्रह किया।


विधायक ने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास से ही प्रदेश और जिले का विकास सुनिश्चित होता है। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रतिनिधियों से ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भाव से कार्य करने का आह्वान किया।


पंच सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं और विभिन्न विकासात्मक कार्यों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।