सोलन (अर्की), 21 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
सोलन जिले की तहसील अर्की के अंतर्गत ग्राम पंचायत सूरजपुर के पिपलूघाट में निर्माणाधीन पंचायत कार्यालय की नींव बरसात के दौरान खुले में नजर आने से भवन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कुमार (रिंकू), पिपलूघाट ने बताया कि निर्माणाधीन पंचायत भवन की नींव को खिसकने से बचाने के लिए लगाया गया सुरक्षा डंगा भी बरसात की मार नहीं झेल पाया।
डंगे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया है, जिससे निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

उन्होंने बताया कि पिपलूघाट में पंचायत भवन के साथ आजीविका भवन का निर्माण भी प्रस्तावित है। जानकारी के अनुसार दोनों भवनों के निर्माण के लिए करीब 30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है, जिसे किश्तों में जारी किया जाना है।

प्रदीप कुमार ने कहा कि लगातार बरसात के कारण निर्माणाधीन भवन की नींव और आसपास की जमीन की सुरक्षा को लेकर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यदि समय रहते उचित सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो बरसात के दौरान नींव को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहेगी।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन पंचायत कार्यालय की नींव और जमीन को खिसकने से रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम तत्काल किए जाएं, ताकि भविष्य में सरकारी धन से किए जा रहे इस निर्माण कार्य को किसी प्रकार का नुकसान न हो।









