सोलन (रामशहर), 21 अगस्त।
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो /वर्मा।
तहसील रामशहर के निकटवर्ती गांव धूहर में बाघ के आतंक से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले दिनों बुधवार और गुरुवार को बाघ ने करीब 15 बकरियों को अपना निवाला बना लिया। कई बकरियों को बाघ घसीटकर दूर ले गया।

गांव निवासी भागीरथ, प्रेमचंद और मानसिंह ने बताया कि बाघ लगातार मवेशियों को निशाना बना रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ पशुधन की सुरक्षा की चिंता सता रही है।

स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों ने सरकार और वन विभाग से प्रभावित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी रामशहर प्रेम सिंह पटियाल ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मुआवजे के लिए पीड़ित किसान को पहले वन विभाग को सूचना देनी होती है।

विभागीय टीम मौके पर जांच कर बयान दर्ज करती है और मृत पशुओं का पशु चिकित्सक से मेडिकल करवाया जाता है।

रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजा दिया जाता है। उन्होंने बताया कि वयस्क बकरी के लिए 3,000 रुपये मुआवजा निर्धारित है।










