/रामपुर मंदिर चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार

रामपुर मंदिर चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार

रामपुर 20 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

मेन बाजार स्थित हनुमान मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को लुधियाना से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को मंदिर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा नकद राशि चोरी किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

इस पर पुलिस थाना सिटी रामपुर में अभियोग संख्या 81/2026 के तहत धारा 331(4), 305 BNS में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर और आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना में संलिप्त संदिग्ध की पहचान सौरव पुत्र दीप बहादुर, निवासी कुल्लू, उम्र 21 वर्ष के रूप में की।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे 20 अगस्त 2026 को लुधियाना से विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।