/बाईपास पर कूड़ा फेंकने वाले वाहन चालक पर 15 हजार का जुर्माना

बाईपास पर कूड़ा फेंकने वाले वाहन चालक पर 15 हजार का जुर्माना

सोलन, 21 अगस्त।
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा।

सोलन शहर में सार्वजनिक स्थानों पर खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नगर निगम सोलन ने सख्ती शुरू कर दी है।

शामती बाईपास पर खुले में कूड़ा फेंकना एक पिकअप चालक को भारी पड़ गया।

नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन का 15 हजार रुपये का चालान काटकर जुर्माना वसूल किया।

नगर निगम के सेनेट्री इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह ने कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया कि शहर में सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और बाईपास पर कूड़ा फेंकने वालों को अब किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

कार्रवाई के बाद खुले में कूड़ा फेंकने वालों में हड़कंप मच गया है।

नगर निगम कमिश्नर डॉ. राजदीप सिंह ने कहा कि नगर निगम सोलन की परिधि में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ सोलन की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक की भी है।

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि घर से निकलने वाले कूड़े को इधर-उधर फेंकने के बजाय घर-घर कूड़ा एकत्र करने आने वाले सफाई कर्मचारियों को ही सौंपें।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और बाईपास पर कूड़ा फेंककर शहर की सुंदरता खराब करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम की कार्रवाई से साफ है कि ‘कूड़ा फेंको और निकल जाओ’ वाला रवैया अब नहीं चलेगा। यदि कोई व्यक्ति या वाहन खुले में कूड़ा फेंकता पकड़ा गया तो उसे भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है।

निगम ने शहरवासियों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और नियमों का पालन करने की अपील की है।