/₹16 लाख की साइबर ठगी मामले में वांछित आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

₹16 लाख की साइबर ठगी मामले में वांछित आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

शिमला 22 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

धोखाधड़ी एवं साइबर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने पुलिस थाना सदर शिमला में दर्ज ₹16 लाख की धोखाधड़ी के मामले में वांछित आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, थाना सदर शिमला में अभियोग संख्या 105/25, धारा 318(4) बीएनएस के तहत 5 दिसंबर 2025 को मामला दर्ज किया गया था।

शिकायत के अनुसार, 11 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2025 के बीच शिकायतकर्ता के एसबीआई खाते से कुल ₹16 लाख की राशि धोखाधड़ीपूर्वक निकाल ली गई थी।

जांच के दौरान आरोपी अमान अली पुत्र शमशाद अली, निवासी यमुना विहार, दिल्ली की मामले में संलिप्तता सामने आई।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी एवं अन्य जांच के आधार पर लगातार प्रयास किए।

पुलिस टीम ने आरोपी को 19 अगस्त 2026 को दिल्ली के भजनपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर शिमला लाया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 22 अगस्त 2026 तक पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।