/मणिमहेश यात्रा-2026: सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक हजार से अधिक पुलिस व होमगार्ड जवान होंगे तैनात

मणिमहेश यात्रा-2026: सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक हजार से अधिक पुलिस व होमगार्ड जवान होंगे तैनात

चंबा, 22 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और संचार व्यवस्था को लेकर उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में यात्रा के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यात्रा के दौरान बेहतर समन्वय एवं संचार व्यवस्था के लिए उपमंडलीय मुख्यालय भरमौर में मुख्य संचार नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा।

रात में यात्रा पर रहेगा प्रतिबंध श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यात्रा के समय को लेकर भी व्यवस्था तय की है। मैहला से आगे रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक तथा हड़सर से पवित्र डल झील तक शाम 7 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा प्रतिबंधित रहेगी।

उपायुक्त ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती, श्रद्धालुओं की निगरानी, भारी वाहनों की नियंत्रित आवाजाही तथा संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक उपकरण और मशीनरी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

हड़सर से डल झील तक स्वयंसेवकों की तैनाती को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
विभिन्न सेक्टरों में बांटा जाएगा यात्रा मार्ग
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि इस वर्ष श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान लगभग एक हजार पुलिस एवं होमगार्ड जवानों की तैनाती प्रस्तावित है।

यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।


सुरक्षा व्यवस्था के तहत करियां से धरवाला, धरवाला से खड़ामुख, खड़ामुख से सावनपुर, सावनपुर से पट्टी नाला, पट्टी नाला से हड़सर तथा हड़सर से धनछो सहित गौरी कुंड से डल झील तक जाने वाले विभिन्न मार्गों को सेक्टरों में शामिल किया गया है। इसके अलावा स्थानीय लोगों द्वारा आवागमन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले वैकल्पिक मार्गों को भी सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में रखा गया है।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, एसडीएम चिराग शर्मा, डीएसपी बलदेव दत्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील
उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित समय एवं मार्ग का पालन करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालु जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें। साथ ही मौसम और यात्रा मार्ग की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है।