/बरमूड़ा घास से रामपुर कॉलेज मैदान में लौटेगी हरियाली।

बरमूड़ा घास से रामपुर कॉलेज मैदान में लौटेगी हरियाली।

सितंबर में होगी 27वीं वार्षिक स्पोर्ट्स मीट

शिमला (रामपुर) 26 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

शिमला जिले के जीबी पंत मैमोरियल पीजी कॉलेज रामपुर के खेल मैदान में जल्द ही बरमूड़ा घास की हरियाली नजर आएगी।

वन विभाग की ओर से गत 20 अगस्त से मैदान में हाइड्रोसीडिंग तकनीक के माध्यम से बरमूड़ा घास उगाने का कार्य किया जा रहा है।

अब वन विभाग की मेहनत रंग लाने लगी है और मैदान में घास उगनी शुरू हो गई है।
रामपुर वन वृत्त के अधिकारी और कर्मचारी खेल मैदान को बेहतर स्वरूप देने में जुटे हुए हैं। विभाग के प्रयासों के चलते आगामी 7 से 10 दिनों के भीतर मैदान में घास तैयार होने की उम्मीद है।

इससे खिलाड़ियों को खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

गौरतलब है कि 11 से 13 सितंबर तक इसी मैदान में हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक स्पोर्ट्स मीट आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता को देखते हुए वन विभाग ने पाटबंगला खेल मैदान के रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया है।

दिवारों से लेकर मैदान के चारों ओर की सफाई
रामपुर वन वृत्त के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों ने खेल मैदान की सभी दीवारों से लेकर चारों तरफ विशेष सफाई अभियान चलाकर परिसर को साफ-सुथरा किया है।

अरण्यपाल रामपुर वन वृत्त सीबी ताशीलदार ने अभियान में सेवाएं देने वाले अधिकारियों, वन रक्षकों, वन मित्रों सहित अन्य कर्मचारियों की सराहना की।

वन विभाग ने रखरखाव की अपील की
अरण्यपाल सीबी ताशीलदार ने रामपुर की जनता और कॉलेज प्रशासन से अपील की है कि वन विभाग की स्पोर्ट्स मीट समाप्त होने के बाद भी खेल मैदान के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि मैदान में हाइड्रोसीडिंग तकनीक से बरमूड़ा घास उगाने का कार्य प्रगति पर है और आगामी 7 से 10 दिनों में मैदान हरा-भरा दिखाई देने लगेगा।