हरिद्वार से महामंडलेश्वर स्वामी हरि चेतनानंद ने की मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत, पंचायत प्रतिनिधियों को किया सम्मानित
नालागढ़ 26 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
सोलन जिले उपमंडल नालागढ़ के तहत रामशहर पंचायत के रिवाल्सर रामपुर में नवनिर्वाचित प्रधान रविंद्र मोहन शर्मा के सम्मान में एकदिवसीय संतसंग एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक समारोह में हरिद्वार से महामंडलेश्वर स्वामी हरि चेतनानंद ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया।
स्वामी हरि चेतनानंद ने सर्वप्रथम शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
इसके बाद कथा स्थल पर पहुंचकर मंत्रोच्चारण के साथ प्रवचनों का शुभारंभ किया। उनके आध्यात्मिक प्रवचनों से उपस्थित संगत भाव-विभोर हुई।

समारोह के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी हरि चेतनानंद ने नवनिर्वाचित प्रधान रविंद्र मोहन शर्मा, उपप्रधान, बीडीसी सदस्य, वार्ड पंचों सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित कर आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस अवसर पर स्वामी हरि चेतनानंद ने कहा कि देवभूमि हिमाचल की रामशहर पंचायत को युवा प्रधान मिला है और रविंद्र मोहन शर्मा से पंचायत की जनता को बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा प्रधान लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे तथा पंचायत के विकास को नई दिशा देंगे।

मीडिया से बातचीत में स्वामी हरि चेतनानंद ने कहा कि वह करीब चार दशक से रामशहर क्षेत्र में आते रहे हैं। इस बार पंचायत के मतदाताओं ने भारी बहुमत से रविंद्र मोहन शर्मा को प्रधान चुना है। उन्होंने कहा कि जनता का यह विश्वास प्रधान के लिए बड़ी जिम्मेदारी भी है। उम्मीद है कि रविंद्र मोहन शर्मा पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पंचायत के विकास के लिए कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं और आने वाले समय में इन योजनाओं का लाभ रामशहर पंचायत के लोगों तक पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी बरतना बेहद जरूरी है।

स्वामी हरि चेतनानंद ने कहा कि रामशहर क्षेत्र की बड़ी पंचायतों में शामिल है और यहां करीब 2500 मतदाता हैं। पंचायत के विकास के लिए प्रधान अकेले कोई बड़ा कार्य नहीं कर सकता। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों के साथ-साथ आम जनता का सकारात्मक सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से युवा प्रधान को सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पंचायत का सर्वांगीण विकास संभव है।
उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधान रविंद्र मोहन शर्मा को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए विश्वास जताया कि वह जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे और रामशहर पंचायत के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।








