/रामशहर में गूंगा जाहरपीर की छड़ी यात्रा, गांव-गांव गूंज रहा भजन-कीर्तन

रामशहर में गूंगा जाहरपीर की छड़ी यात्रा, गांव-गांव गूंज रहा भजन-कीर्तन

नालागढ़ (रामशहर), 29 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

जिला सोलन के पहाड़ी क्षेत्र रामशहर में क्यारड़ू-लूना गूंगा जाहरपीर की भजन मंडली द्वारा श्रद्धा और आस्था के साथ छड़ी यात्रा निकाली जा रही है। शनिवार को मंडली ने रामशहर बस स्टैंड सहित पूरे बाजार में भजन-कीर्तन के माध्यम से गूंगा जाहरपीर महाराज का प्रचार-प्रसार किया।

मंडली प्रमुख राम स्वरूप, मोहिंदर कुमार एवं अन्य सदस्यों ने बताया कि यह धार्मिक परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है। मंडली के सदस्य नंगे पांव छड़ी लेकर गांव-गांव पहुंच रहे हैं और भजन-कीर्तन के माध्यम से लोगों को गूंगा जाहरपीर महाराज की महिमा से अवगत करवा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 6 सितंबर तक यह छड़ी यात्रा विभिन्न गांवों में जारी रहेगी। इस दौरान भजन-कीर्तन के साथ गूंगा जाहरपीर महाराज का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

6 सितंबर को क्यारड़ू-लूना स्थित गूंगा मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रवासियों को सादर आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंडली द्वारा देर शाम से प्रातः तक भजन-कीर्तन और गूंगा गाथा का गुणगान किया जाएगा।

मंडली के सदस्यों ने कहा कि इस धार्मिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना करना है। उन्होंने गूंगा जाहरपीर महाराज से प्रार्थना की कि बरसात के मौसम में किसानों और बागवानों की फसलों, बागीचों तथा जान-माल की रक्षा हो और क्षेत्रवासियों का जीवन खुशहाल बना रहे।


मंडली ने समस्त क्षेत्रवासियों से 6 सितंबर को मंदिर परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने तथा धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है।