शिमला, 30 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल प्रदेश सरकार के योजना विभाग ने उपमंडलीय योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समितियों के अध्यक्षों की नई नियुक्तियां की हैं।
विभाग ने इस संबंध में पूर्व में जारी सभी अधिसूचनाओं को अधिक्रमित करते हुए 24 अगस्त 2026 को अधिसूचना जारी की है।
अधिसूचना के अनुसार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित मंत्रियों, विधायकों, विधानसभा उपाध्यक्ष, एपीएमसी अध्यक्षों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को इन समितियों का अध्यक्ष बनाया गया है। समितियों को स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं की समीक्षा और 20 सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
प्रमुख नियुक्तियां इस प्रकार हैं—
बिलासपुर:
बिलासपुर, घुमारवीं और श्री नैना देवी जी उपमंडलों की जिम्मेदारी मंत्री राजेश धर्माणी को दी गई है, जबकि झंडूता में एपीएमसी चेयरमैन सतपाल अध्यक्ष होंगे।
चंबा:
चंबा व चुराह में विधायक नीरज नैयर, चुवाड़ी, सलूणी व डलहौजी में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया तथा भरमौर और पांगी में एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर अध्यक्ष होंगे।
हमीरपुर:
हमीरपुर व भोरंज में विधायक सुरेश कुमार, बड़सर व सुजानपुर में विधायक कैप्टन रंजीत सिंह राणा तथा नादौन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अध्यक्ष होंगे।
कांगड़ा:
कांगड़ा में एपीएमसी चेयरमैन निशु मोंगरा, धर्मशाला व शाहपुर में केवाल सिंह पठानिया, नूरपुर व फतेहपुर में भवानी सिंह पठानिया, देहरा में विधायक कमलेश ठाकुर, जसवां-परागपुर में मंत्री यादविंदर गोमा, पालमपुर में विधायक आशीष बुटेल, बैजनाथ में विधायक किशोरी लाल, जवाली में मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, ज्वालामुखी में विधायक संजय रतन, नगरोटा बगवां में विधायक आर.एस. बाली, धीरा में एचपीएसएआरडीबी चेयरमैन संजय सिंह चौहान तथा इंदौरा में विधायक मलेंद्र राजन को जिम्मेदारी दी गई है।
किन्नौर:
पूह, कल्पा और निचार—तीनों उपमंडलों में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी अध्यक्ष होंगे।
कुल्लू:
कुल्लू उपमंडल में विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को अध्यक्ष बनाया गया है। अधिसूचना के अगले हिस्से में बंजार, आनी और निरमंड सहित अन्य क्षेत्रों के नाम भी दिए गए हैं।
सरकार ने इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया है।










