नालागढ़, 31 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
नालागढ़ के खेड़ा वार्ड नंबर-4 के लोगों को लगातार दूसरे दिन भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। गत दिवस से बंद बिजली आपूर्ति का फॉल्ट अभी तक विद्युत विभाग के कर्मचारी और अधिकारी तलाश नहीं कर पाए हैं। इससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है।
बिजली गुल रहने के कारण लोगों को रातभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी से परेशान छोटे बच्चों को राहत दिलाने के लिए परिजन रातभर सड़कों पर घूमते रहे, जबकि बुजुर्गों को भी गर्मी के कारण घरों की छतों पर रात गुजारने के लिए मजबूर होना पड़ा।

विद्युत आपूर्ति ठप होने का असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ा। पानी की सप्लाई प्रभावित होने के कारण लोगों को एक-एक बाल्टी पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में चमचमाते उद्योगों के बीच बसा खेड़ा वार्ड-4 बिजली की समस्या से लंबे समय से जूझ रहा है।
क्षेत्र में महीने में कई-कई बार अघोषित बिजली कट लगने से लोगों को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि फॉल्ट को तत्काल तलाश कर उनके घरों की विद्युत आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जाए। लोगों का कहना है कि लगातार दूसरे दिन बिजली बंद रहना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।










