/चंबा में नशा तस्करों पर कसेगा शिकंजा, 62 मामले दर्ज, 88 आरोपी गिरफ्तार

चंबा में नशा तस्करों पर कसेगा शिकंजा, 62 मामले दर्ज, 88 आरोपी गिरफ्तार

अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों पर भी होगी नियमानुसार कार्रवाई : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

चंबा, 31 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने संबंधित अधिकारियों को नशे के कारोबार में शामिल दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त सोमवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकार्ड) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में जिले में नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कोटपा अधिनियम के प्रावधानों को सख्ती से लागू करने के निर्देश देते हुए सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान तथा तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को कहा। चबाने वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उन्होंने फर्जी चिकित्सकों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा अनधिकृत रूप से आयुर्वेदिक दवाइयों की बिक्री करने वालों पर भी शिकंजा कसने के निर्देश दिए। जिला आयुष अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।


जिला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में 30 अगस्त तक मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े 62 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने 17.516 किलोग्राम चरस बरामद कर 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इसी अवधि में 548.8 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया और 57 लोगों को गिरफ्तार किया गया। चिट्टा से संबंधित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 216.900 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, दो आईफोन और 64,640 रुपये नकद भी बरामद किए।

इसके अलावा पुलिस ने 2.169 किलोग्राम पोपी हस्क बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जबकि 868 पोपी के पौधे भी बरामद किए गए हैं। कुल मिलाकर नशा तस्करी से संबंधित मामलों में 88 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

बैठक में जागरूकता गतिविधियों के लिए विभिन्न विभागों द्वारा प्रशिक्षित मानव संसाधन का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों बनीखेत और डलहौजी में उपयुक्त स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन स्थापित करने का निर्णय लिया गया, ताकि लोगों और पर्यटकों को नशे के दुष्प्रभावों तथा बचाव को लेकर जागरूक किया जा सके।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला चंबा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में संलिप्त लोगों के साथ-साथ उनके अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।