सोलन, 1 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
पुलिस थाना सदर सोलन की पी.ओ. (Proclaimed Offender) सैल टीम ने भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करीब 15 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में भगोड़ा घोषित आरोपी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार पुत्र रता राम, निवासी गांव निहारी, डाकखाना चबूतरा, तहसील सुजानपुर टीहरा, जिला हमीरपुर, हाल निवासी गांव बडाला, डाकखाना एवं तहसील खन्ना, जिला लुधियाना, पंजाब, उम्र 42 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पहले पुलिस थाना सदर सोलन में अभियोग संख्या 20/2013, दिनांक 19 जनवरी 2013, धारा 420 व 406 भारतीय दंड संहिता के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी ने शिकायतकर्ता के साथ एक ट्रक को लेकर 3.30 लाख रुपये का सेल एग्रीमेंट किया था।
समझौते के अनुसार आरोपी को 3 लाख रुपये श्रीराम ट्रांसपोर्ट कंपनी के लोन खाते में जमा करवाने तथा 30 हजार रुपये शिकायतकर्ता को देने थे। आरोप है कि आरोपी ने न तो लोन की राशि जमा करवाई और न ही शिकायतकर्ता को 30 हजार रुपये दिए। ट्रक वापस मांगने पर आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से गाली-गलौज करने की बात भी सामने आई थी।
मामले की जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया था और बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया। पुलिस द्वारा आरोपपत्र न्यायालय में पेश किया गया। ट्रायल के दौरान न्यायालय के बार-बार निर्देश के बावजूद आरोपी पेश नहीं हुआ, जिसके बाद 12 जून 2025 को न्यायालय ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया।
इसके बाद से पुलिस थाना सदर सोलन की पी.ओ. सैल टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर 31 अगस्त 2026 को पी.ओ. सैल टीम ने आरोपी को लुधियाना, पंजाब से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध अभियोग संख्या 192/2026, दिनांक 31 अगस्त 2026, धारा 209 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को 1 सितंबर 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सोलन पुलिस की यह कार्रवाई लंबे समय से फरार चल रहे भगोड़े अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।









