बेलचे से सिर पर किए वार; दो आरोपी गिरफ्तार
सोलन, 4 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
सोलन के माल रोड स्थित आनन्द कॉम्प्लेक्स में शराब ठेके के सेल्समैन पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों युवकों ने सेल्समैन के साथ मारपीट की और एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर बेलचे से तीन-चार बार वार किए।
पुलिस के अनुसार घटना 3 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे की है। इस संबंध में शराब ठेके के सेल्समैन वीरेंद्र ठाकुर की शिकायत पर पुलिस थाना सदर सोलन में FIR संख्या 0197/26, दिनांक 04.09.2026, धारा 109(1), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
हमले में सेल्समैन पंकज कुमार शर्मा के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया। वह फिलहाल PGI में उपचाराधीन है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जबकि SFSL की विशेषज्ञ टीम से भी मौका निरीक्षण करवाया गया। घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र कर सुरक्षित किए गए।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया। इसके अलावा मौके पर मौजूद लोगों और संभावित गवाहों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई गई।
जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त दोनों आरोपियों पंकज चीनटा (22), पुत्र बीजा राम, निवासी खडान, हरिपुरधार, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर तथा अभिषेक कुमार (23), पुत्र जोगिन्दर सिंह, निवासी खडान, हरिपुरधार, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर को 4 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस दोनों आरोपियों से घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
दोनों आरोपियों को शुक्रवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के ठेके के सेल्समैन के साथ किसी बात को लेकर आरोपियों की कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









