/भारी बारिश से चरमराई सड़क व्यवस्था को युद्धस्तर पर बहाली कार्य जारी – हरदीप सिंह बावा

भारी बारिश से चरमराई सड़क व्यवस्था को युद्धस्तर पर बहाली कार्य जारी – हरदीप सिंह बावा

नालागढ़, 3 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा ।

नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त और बाधित हुए सड़क मार्गों को जल्द बहाल करने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों ने पूरी ताकत झोंक दी है। लोगों को राहत देने के उद्देश्य से बंद पड़े मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जा रहा है।

विधायक हरदीप सिंह बावा ने सोशल मीडिया के माध्यम से सड़क बहाली कार्यों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सामान्य करने के लिए कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

विधायक बावा ने बताया कि रामशहर-नालागढ़ मार्ग पर बारिश के कारण जमा हुए मलबे और स्लिप को हटाने के साथ नालियों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा रामशहर-कवारणी, बगलैहड़-रूजाती-मलैहनी, बोहरी-अंब दा हार, गलौट-जोड़ी-रंडाला तथा गाबरमोड़-धर्माना मार्गों को भी यातायात के लिए खोल दिया गया है।

भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़क मार्गों पर मलबा आने और जलभराव की स्थिति पैदा होने से लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। ऐसे में सड़कें बहाल होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

विभागीय टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार मशीनरी और कर्मचारियों की मदद से बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।


विधायक बावा ने कहा कि बारिश से प्रभावित प्रत्येक क्षेत्र तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है और जहां भी सड़क मार्ग बाधित हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षित आवागमन बना रहे, इसके लिए सरकार और प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शेष प्रभावित मार्गों को भी शीघ्र बहाल करने के लिए संबंधित विभागों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं।

प्रशासन की टीमें मौसम और सड़क की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी नई चुनौती से तत्काल निपटा जा सके।