/रामशहर-नालागढ़ सड़क मार्ग कुम्हारहट्टी के पास बंद, पहाड़ी क्षेत्र की कई पंचायतों का संपर्क प्रभावित

रामशहर-नालागढ़ सड़क मार्ग कुम्हारहट्टी के पास बंद, पहाड़ी क्षेत्र की कई पंचायतों का संपर्क प्रभावित

सोलन (रामशहर), 4 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

सोलन जिले के रामशहर-नालागढ़ मुख्य सड़क मार्ग रामशहर से करीब 12 किलोमीटर दूर कुम्हारहट्टी के पास सड़क का लगभग 500 से 800 मीटर हिस्सा धंस जाने के कारण यातायात के लिए बंद हो गया है। सड़क मार्ग बंद होने से पहाड़ी क्षेत्र की अधिकतर पंचायतों का नालागढ़ से सीधा संपर्क कटने की आशंका बन गई है।

बताया जा रहा है कि उक्त सड़क मार्ग देर शाम करीब 6:30 बजे से बंद पड़ा है। सड़क बंद होने के कारण लोगों को अब नालागढ़ पहुंचने के लिए रामशहर-बैला-साईं-गोयला-बबासनी होते हुए वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ सकता है, जिससे उन्हें काफी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।

गौरतलब है कि रामशहर-दिग्गल-जावल-बडलग-कुनिहार-जुब्बल होते हुए हवाई अड्डे तथा शिमला राजधानी तक पहुंचने के लिए यह मार्ग सबसे कम दूरी वाले प्रमुख मार्गों में से एक है। इस मार्ग से आवाजाही करने वाले वाहन चालकों के समय, ईंधन और धन—तीनों की बचत होती है। ऐसे में सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ दैनिक आवागमन करने वाले वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

नालागढ़ उपमंडल प्रशासन की ओर से भी देर शाम एडवाइजरी जारी कर क्षेत्रवासियों से बरसात के मौसम में सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने का आह्वान किया गया है।

वहीं, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम के साथ मौके का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि सड़क को एक-दो दिन के भीतर आवाजाही के लिए पूर्ण रूप से बहाल करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


इसके अलावा नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने भी प्रभावित स्थल का दौरा किया और सड़क मार्ग को शीघ्र अतिशीघ्र बहाल करवाने की बात कही है।

बरसात के दौरान सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है। अब लोगों की नजरें प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की ओर हैं कि सड़क को कितनी जल्दी सुरक्षित तरीके से यातायात के लिए बहाल किया जाता है।