/रामशहर में सेवानिवृत्त सैनिक की गोली लगने से मौत, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

रामशहर में सेवानिवृत्त सैनिक की गोली लगने से मौत, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सोलन (रामशहर), 4 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

पंचायत चिल्लड़ के उपप्रधान एवं सेवानिवृत्त सैनिक भगत सिंह, निवासी गांव पुनैला, डाकघर दिग्गल, तहसील रामशहर, जिला सोलन की गोली लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना 3 सितंबर को पुलिस थाना रामशहर को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और उसे सुरक्षित किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण करवाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। उपमंडलीय पुलिस अधिकारी नालागढ़ भीष्म ठाकुर तथा थाना प्रभारी रामशहर की मौजूदगी में फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्यों को नियमानुसार कब्जे में लिया।

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। गोली लगने की परिस्थितियों और घटना के कारणों को लेकर पुलिस द्वारा हर संभावित पहलू की जांच की जा रही है।

मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।