PHARMEXCIL ने नियामक उत्कृष्टता, उद्योग सुविधा और फार्मा निर्यात को बढ़ावा देने के लिए किया सम्मानित
नई दिल्ली, 8 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के ड्रग्स कंट्रोल प्रशासन (DCA) ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक फार्मास्यूटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (PHARMEXCIL) ने भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तत्वावधान में नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित IPHEX-2026 के दौरान 7 सितंबर, 2026 को हिमाचल प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल प्रशासन को Appreciation Award से सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने DCA की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश सरकार की मजबूत नियामक व्यवस्था, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने तथा हिमाचल में गुणवत्ता आधारित और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी फार्मास्यूटिकल इकोसिस्टम विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि फार्मास्यूटिकल कारोबार में नैतिक मानकों से समझौता करने वालों के प्रति उनकी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है।

स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि ड्रग्स कंट्रोल प्रशासन द्वारा प्रभावी दवा नियमन सुनिश्चित करने के साथ-साथ फार्मास्यूटिकल उद्योग के विकास को सुविधाजनक बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, आईएएस ने इस सम्मान को हिमाचल प्रदेश की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसे DCA के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण एवं व्यावसायिक दक्षता को समर्पित किया।
स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन निदेशक जितेंद्र संजटा, आईएएस ने कहा कि प्रशासन नियामक प्रक्रियाओं में दक्षता बढ़ाने के साथ पारदर्शिता, जवाबदेही और उद्योग को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।


यह सम्मान हिमाचल प्रदेश की नियामक उत्कृष्टता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे देश और वैश्विक बाजारों के लिए एक विश्वसनीय फार्मास्यूटिकल हब के रूप में हिमाचल की स्थिति और मजबूत हुई है।








