/हिमाचल के ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन को नियामक उत्कृष्टता के लिए सम्मान

हिमाचल के ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन को नियामक उत्कृष्टता के लिए सम्मान

शिमला, 8 सितंबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन (डीसीए) को नियामक उत्कृष्टता, उद्योग सुविधा एवं फार्मास्यूटिकल निर्यात संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए फार्मास्यूटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (फार्मेक्सिल) ने Appreciation Award से सम्मानित किया है।

यह पुरस्कार वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित IPHEX-2026 के दौरान सोमवार को नई दिल्ली में प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि पर डीसीए के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश में मजबूत नियामक व्यवस्था, कारोबार में सुगमता तथा गुणवत्तापरक और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी फार्मास्यूटिकल इकोसिस्टम विकसित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने फार्मास्यूटिकल कारोबार में नैतिक मूल्यों से समझौता करने वालों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान हिमाचल की नियामक उत्कृष्टता की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है और इससे देश तथा वैश्विक बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करने वाले विश्वसनीय फार्मास्यूटिकल हब के रूप में प्रदेश की स्थिति और मजबूत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने प्रभावी औषधि नियमन के साथ फार्मास्यूटिकल उद्योग के विकास को सुगम बनाने में डीसीए के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की।

स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार ने इसे हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण, प्रतिबद्धता और व्यावसायिक दक्षता को समर्पित है।