बीपीएल परिवारों से नहीं लिया जाएगा पर्ची शुल्क
सोलन(बद्दी) 8 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने मंगलवार को खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) कार्यालय चंडी में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

विधायक ने बताया कि अस्पताल के विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए 8 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गरीब एवं बीपीएल परिवारों से भविष्य में अस्पताल में पर्ची शुल्क नहीं लेने का फैसला भी लिया गया।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि अस्पताल में सफाई कर्मचारी रखने को भी समिति ने मंजूरी प्रदान की है। इससे अस्पताल की सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और मरीजों को सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि बीएमओ कार्यालय चंडी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शीघ्र ही इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। टाइप-4 क्वार्टर का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि टाइप-2 क्वार्टर का कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि सीएचसी चंडी के पुराने भवन को डिस्मेंटल करने की स्वीकृति मिल चुकी है। पुराने भवन को हटाने के बाद यहां नए भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को भविष्य में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा तैयार होगा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार के लिए सीएसआर के माध्यम से स्ट्रीट लाइट और आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल के लिए एक्स-रे मशीन और डेंटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध करवाने की मांग प्रदेश सरकार को भेजी गई है।

इसके अलावा सीएसआर के माध्यम से अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाने के प्रयास भी किए जाएंगे।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि चंडी, पट्टा और कुठाड़ अस्पतालों में 24×7 चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। पट्टा में कृष्णा लैब के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य जांच करवाने की स्वीकृति भी रोगी कल्याण समिति ने प्रदान की है। इससे लोगों को जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
200 वरिष्ठ नागरिकों व जरूरतमंदों को सहायक उपकरण वितरित
बैठक के बाद विधायक राम कुमार चौधरी ने ग्राम पंचायत भावगुड़ी में आयोजित कार्यक्रम में एक संस्था के माध्यम से 60 वर्ष से अधिक आयु के करीब 200 पात्र वरिष्ठ नागरिकों एवं जरूरतमंद लोगों को कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, हियरिंग मशीन, स्टिक्स, बैक बेल्ट सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को दैनिक जीवन में अधिक आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध करवाना है।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी कसौली महेंद्र प्रताप सिंह, खंड स्वास्थ्य अधिकारी चंडी डॉ. गुरमेल, खंड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप कुमार, ग्राम पंचायत भावगुड़ी के प्रधान अरुण कुमार, उपप्रधान जयपाल ठाकुर, ग्राम पंचायत चंडी के पूर्व प्रधान बलवंत ठाकुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजू शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।







