सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाकर लोगों को किया जा रहा जागरूक, चगर कुम्हारा में लगाया पिंजरा
सोलन (रामशहर) 8 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
जिला सोलन के पहाड़ी क्षेत्र रामशहर में इन दिनों तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। तेंदुए से बचाव और लोगों को सावधानी बरतने के लिए वन विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है।
नालागढ़ वन मंडल अधिकारी के दिशा-निर्देशों के अनुसार रामशहर वन क्षेत्र अधिकारी ने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग की ओर से क्षेत्र के चिन्हित सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर और पंपलेट लगाए जा रहे हैं। इनके माध्यम से लोगों को तेंदुए से बचाव के लिए सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
गौर हो कि पिछले दिनों रामशहर पंचायत के गांव धूहर में तेंदुए ने किसानों की करीब 13 बकरियों को अपना शिकार बना लिया था। इसके बाद क्षेत्र के लोगों में तेंदुए को लेकर भय और बढ़ गया है।
वहीं, चमदार पंचायत के चगर-कुम्हारा गांव के ग्रामीण भी तेंदुए के खौफ से परेशान हैं। ग्रामीणों के आग्रह पर रामशहर वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए चगर-कुम्हारा में पिंजरा भी लगाया है, लेकिन अभी तक तेंदुआ पिंजरे में नहीं आया है।
तेंदुए के अभी तक गिरफ्त में नहीं आने के कारण क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की दहशत के चलते लोग विशेषकर शाम और सुबह के समय घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह मुस्तैद है और लोगों की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा जगह-जगह पोस्टर लगाकर ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर उसकी ओर जाने या उसे छेड़ने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की जा रही है।









