/नशा तस्करों की अवैध संपत्ति पर बद्दी पुलिस का बड़ा प्रहार, 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

नशा तस्करों की अवैध संपत्ति पर बद्दी पुलिस का बड़ा प्रहार, 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

10.33 किलो गांजा बरामदगी के मामले में कार्रवाई, जमीन, भवन, वाहन और बैंक खातों पर शिकंजा

बद्दी 13 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाते हुए बद्दी पुलिस ने नशे के कारोबार से कथित रूप से अर्जित संपत्ति पर बड़ा आर्थिक प्रहार किया है। थाना बद्दी में NDPS Act के तहत दर्ज FIR संख्या 265/2025 के मामले में सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEM(FOP) Act & NDPS Act, नई दिल्ली द्वारा आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्तियों की फ्रीजिंग की पुष्टि की गई है।


पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपी राहुल गुप्ता पुत्र संतोष शाह, निवासी जिला सारण, बिहार, वर्तमान निवासी बद्दी के कब्जे से 10.330 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। मामले की वित्तीय जांच के दौरान बद्दी की लक्ष्मी नारायण कॉलोनी, वार्ड नंबर-7 में स्थित 6 बिस्वा भूमि और तीन मंजिला भवन, जिसकी कीमत करीब 1,71,64,271 रुपये आंकी गई है, को फ्रीज किया गया।


इसके अलावा आरोपी से संबंधित Scorpio-N वाहन, जिसकी कीमत 24,69,725 रुपये, तथा विभिन्न बैंक खातों में जमा 1,42,251 रुपये की राशि भी फ्रीज की गई है। इस प्रकार फ्रीज की गई संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1.97 करोड़ रुपये है।


आरोपी की मां पर भी पहले दर्ज हो चुका है मामला


पुलिस के मुताबिक आरोपी की माता रिंकू देवी के खिलाफ भी वर्ष 2022 में नशे के कारोबार से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। उस समय बद्दी पुलिस ने उसके कब्जे से 824 ग्राम गांजा और अवैध देशी शराब बरामद की थी। इस संबंध में थाना बद्दी में अभियोग संख्या 225/2022 के तहत NDPS Act तथा हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।


बद्दी पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई अब केवल मादक पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करों और नशे की तस्करी से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान, वित्तीय जांच तथा कानून के अनुसार फ्रीजिंग और जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।