अपना परिवार सुखी परिवार’ के तहत 12 पंचायतों के लोगों से विधायक राम कुमार चौधरी ने किया जनसंवाद
बद्दी 15 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत कुठाड़ स्थित महिला मंडल भवन तथा चंडी सामुदायिक भवन में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान क्षेत्र की 12 ग्राम पंचायतों के लोगों से संवाद करते हुए विधायक ने बीपीएल परिवार चयन प्रक्रिया सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ अभियान का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि कोई भी पात्र परिवार कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि 75 हजार रुपये तक वार्षिक आय तथा अन्य निर्धारित मापदंडों के आधार पर पात्र परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल करने की प्रक्रिया की जा रही है। बीपीएल सूची में शामिल पात्र परिवारों को पेंशन, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकता है।

उन्होंने पात्र परिवारों से निर्धारित दस्तावेज एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाकर चयन प्रक्रिया समय पर पूरी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 20 सितंबर, 2026 तक बीपीएल परिवार में शामिल होने के लिए आवेदन का अंतिम अवसर है। पात्र परिवार संबंधित पंचायत, खंड विकास अधिकारी कार्यालय अथवा उपमंडलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित किया जा सकता है, जब पात्र लोगों को योजनाओं की सही जानकारी मिले और वे समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों की शंकाओं एवं समस्याओं का भी समाधान किया जा सके।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्य करवाए जा चुके हैं और क्षेत्र के विकास को लगातार गति दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कुठाड़ उपतहसील को तहसील का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत मंढेसर में पटवारखाना स्वीकृत करवाने के लिए भी सरकार के समक्ष मामला उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कुठाड़ में प्रस्तावित इंडोर स्टेडियम के लिए फंडिंग हो चुकी है तथा शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। चंडी अस्पताल भवन का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, गांगुड़ी में पूर्व में बंद किए गए पशु औषधालय को दोबारा खुलवाने के लिए सरकार से आग्रह किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र की जिन पंचायतों और स्थानों पर पेयजल योजनाओं की कमी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर 100 हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की विभिन्न जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष भागचंद, दून ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलतार सिंह ठाकुर, दून कांग्रेस उपाध्यक्ष विमला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश, सचिव हितेंद्र शर्मा, ग्राम पंचायत बढ़लग की प्रधान सुमन, पूर्व उपप्रधान महेंद्र ठाकुर, ग्राम पंचायत घड़सी की प्रधान बीना, ग्राम पंचायत गोयला की प्रधान निर्मला, बुघार कनेता के प्रधान रमेश, पूर्व प्रधान हेमा, हिमचंद व भूषण शर्मा, ग्राम पंचायत चंडी के उपप्रधान राहुल, ग्राम पंचायत जगजीत नगर के प्रधान मेहर सिंह ठाकुर, गोयला के पूर्व उपप्रधान ताराचंद भाटिया, पंचायत समिति सदस्य हेमंत ठाकुर सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










