शिमला, 16 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता ऊना निवासी इंजीनियर सुखविंदर रतन के परिजनों ने आज ऊना के सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट कर उनकी तलाश के लिए सरकार से सहायता की मांग की।
परिजनों ने मुख्यमंत्री को बताया कि 26 अगस्त को नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद से सुखविंदर रतन का कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे परिवार बेहद चिंतित है।
मुख्यमंत्री ने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार सुखविंदर रतन की तलाश में तेजी लाने का मामला केन्द्र सरकार के समक्ष उठाएगी। उन्होंने कहा कि उनके बारे में जल्द से जल्द जानकारी प्राप्त करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे तथा इस कठिन समय में राज्य सरकार परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाएगी।
बताया गया कि सुखविंदर रतन नेपाल में 216 मेगावाट की अपर त्रिशूली जलविद्युत परियोजना में साइट इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। वे 26 अगस्त को क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता हैं।








