बद्दी पुलिस का बड़ा आर्थिक प्रहार
नालागढ़ (बद्दी), 16 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बद्दी पुलिस ने मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई तेज कर दी है।
थाना नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों और उनके परिजनों के नाम पर दर्ज करीब 1.49 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई है।

पुलिस के अनुसार, पहले मामले में FIR संख्या 56/2023, दिनांक 22 फरवरी 2023, धारा 21/61 एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी गगनदीप वर्मा उर्फ बिल्ला, निवासी दत्तोवाल, नालागढ़ के कब्जे से 6.53 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया था।

वित्तीय जांच के दौरान आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर दर्ज Honda Activa स्कूटी, दो Altroz कार, Hyundai Verna कार, दत्तोवाल स्थित दुकान और मकान सहित कुल 45.73 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई।
दूसरे मामले में FIR संख्या 73/2025, दिनांक 7 मार्च 2025, धारा 20/21/29/61 एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी सुरजन कुमार, निवासी बीड़ प्लासी, नालागढ़ के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में 9.56 ग्राम हेरोइन और 77.770 ग्राम चरस बरामद की गई थी।
वित्तीय जांच के दौरान आरोपी की पत्नी पूनम कौंडल के नाम पर अभिपुर फेज-II, न्यू नालागढ़ कॉलोनी में स्थित 8 मरले के प्लॉट पर निर्मित मकान को चिन्हित किया गया।
पुलिस के मुताबिक प्लॉट की कीमत करीब 3 लाख रुपये तथा निर्माणाधीन मकान का वर्तमान अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये है। इस प्रकार कुल 1.03 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कुल 1,48,73,000 रुपये की चल एवं अचल संपत्ति फ्रीज की गई है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करों और नशा तस्करी से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान, वित्तीय जांच तथा कानून के अनुसार फ्रीजिंग/जब्ती की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








