रेणुका जी में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का किया सम्मान, सुक्खू सरकार पर साधा निशाना
नाहन (रेणुका )17 सितंबर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो/वर्मा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नाहन और श्री रेणुका जी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्र सेवा, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का प्रेरणास्रोत है।

नाहन के काली स्थान मंदिर में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना के लिए पूजा-अर्चना व हवन किया गया। इसके बाद हिंदू आश्रम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लिया। श्री रेणुका जी में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण पर जोर दिया गया है।
उन्होंने जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल भुगतान तथा आत्मनिर्भर भारत जैसी पहलों का उल्लेख किया।

पंचायत चुनाव में देरी को लेकर सरकार पर निशाना
श्री रेणुका जी में नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायत का नेतृत्व बड़ी जिम्मेदारी है और चुने गए प्रतिनिधियों को पूरी निष्ठा से जनता की सेवा करनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने पंचायती राज चुनाव समय पर करवाने में देरी की और चुनाव करवाने के लिए भाजपा को सर्वोच्च न्यायालय तक जाना पड़ा।

उन्होंने कहा कि अब नवनिर्वाचित प्रतिनिधि जनता की सेवा की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाकर सरकार के कार्यकाल और वादों का हिसाब लिया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता, विधायक नारायण सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।








