निजी बसों की तेज रफ्तार, तीखे हॉर्न और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई को लेकर भी उठ रहे सवाल।
बद्दी 17 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर बद्दी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 300 वाहनों के चालान किए हैं।
पुलिस के अनुसार खतरनाक एवं लापरवाही से वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं, बीबीएन क्षेत्र में निजी बसों की तेज रफ्तार, तीखे हॉर्न और ओवरलोडिंग को लेकर भी लोगों द्वारा समय-समय पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर निजी बसों द्वारा कथित रूप से यातायात नियमों की अनदेखी किए जाने के बावजूद उनके खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई दिखाई नहीं देती।
लोगों का यह भी कहना है कि जब दोपहिया और अन्य छोटे वाहनों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान किए जा रहे हैं, तो निजी बसों की तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग तथा अन्य संभावित उल्लंघनों की भी नियमित जांच होनी चाहिए।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या निजी बसों के खिलाफ भी यातायात पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा नियमित संयुक्त जांच एवं कार्रवाई की जाएगी? स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से सभी प्रकार के सार्वजनिक एवं निजी वाहनों के लिए यातायात नियमों को समान रूप से लागू करने की मांग की है।









