सोलन, 18 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
सोलन में Blinkit डिलीवरी पार्टनर अनूप चौहान से मारपीट के मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात करीब 2 बजे ऑर्डर पहुंचाने में देरी को लेकर अनूप चौहान और पुनीत शर्मा के बीच कहासुनी के बाद ठोडो ग्राउंड बस स्टॉप के पास हल्की मारपीट हुई।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान पुनीत शर्मा पुत्र बीर सिंह, निवासी लक्कड़ बाजार, सोलन, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने शिकायतकर्ता का चिकित्सीय परीक्षण करवाकर MLC प्राप्त की तथा घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पहले मारपीट के दौरान पिस्टल दिखाने का आरोप लगाया था, लेकिन जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई। बाद में उसने बताया कि आरोपी की जेब से गिरा मोबाइल फोन उसे पिस्टल/रिवॉल्वर जैसा दिखाई दिया था।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से कोई लिखित शिकायत प्रस्तुत नहीं की गई और दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है।










