केस दर्ज
नालागढ़, 19 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
पुलिस थाना नालागढ़ में एक युवक की आत्महत्या से हुई मौत के मामले में उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के सदस्यों पर मानसिक प्रताड़ना, दबाव बनाने तथा धमकी देने के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार भगत राम पनवर, निवासी दाड़लाघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन ने शिकायत दर्ज करवाई कि उनके पुत्र जितेंद्र कुमार की 13 सितंबर 2026 को नालागढ़ में आत्महत्या से मृत्यु हुई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मृत्यु से पहले जितेंद्र कुमार अपने वैवाहिक संबंधों को लेकर कथित मानसिक प्रताड़ना और भावनात्मक दबाव का सामना कर रहा था।
शिकायत में मृतक की पत्नी पुष्पा देवी तथा उसके परिवार के सदस्यों पर मानसिक रूप से परेशान करने, दबाव बनाने और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार मृतक ने चार पृष्ठों का एक हस्तलिखित नोट भी छोड़ा था, जिसे पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इसके अलावा शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मृतक की पत्नी और उसके परिवार की ओर से उनके परिवार को धमकियां दी जा रही हैं।
शिकायत में मृतक की पत्नी द्वारा स्वयं को तथा उनके पोते को नुकसान पहुंचाने संबंधी कथित धमकियों का भी उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों, हस्तलिखित नोट तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों समेत मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।










