/शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस मामले में 4.13 करोड़ की संपत्ति जब्त

शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस मामले में 4.13 करोड़ की संपत्ति जब्त

शिमला, 21 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए एनडीपीएस के एक मामले में आरोपियों और उनके सहयोगियों से जुड़ी करीब 4.13 करोड़ रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियां जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार, वित्तीय जांच में इन संपत्तियों का संबंध नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से पाया गया है।


पुलिस थाना सदर शिमला में दर्ज अभियोग संख्या 107, दिनांक 14 अगस्त 2024, धारा 21 व 29 NDPS Act के तहत यह मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2024 को पुराने बस स्टैंड शिमला स्थित एक होटल से सूरज निवासी लखीसराय, बिहार, हाल दक्षिण दिल्ली तथा रोहित पांडे निवासी आरा, बिहार, हाल दक्षिण दिल्ली के कब्जे से करीब 6.5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया था। मामले की आगामी जांच में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक के आधार पर अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारियां की गईं।


19 लोगों की संपत्तियां जांच के दायरे में
वर्ष 2026 में इस मामले में वित्तीय जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपियों तथा उनसे जुड़े व्यक्तियों की संपत्तियों की पड़ताल की गई। पुलिस के अनुसार, 9 आरोपियों और 10 एसोसिएट्स/सहयोगियों सहित कुल 19 व्यक्तियों के नाम पर चल एवं अचल संपत्तियां चिन्हित की गईं।


इनमें दो आवासीय भूमि प्लॉट, दो आवासीय भवन, एक अपार्टमेंट, एक होम-स्टे तथा महिंद्रा थार, हुंडई क्रेटा, मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा और टाटा नेक्सॉन सहित अन्य वाहन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, कुल 20 संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 4.13 करोड़ रुपये है।


वित्तीय जांच के दौरान इन संपत्तियों के संबंध में आरोपियों अथवा उनके सहयोगियों की कोई पर्याप्त ज्ञात और वैध आय का स्रोत सामने नहीं आया। उपलब्ध वित्तीय एवं संपत्ति संबंधी तथ्यों के परीक्षण के आधार पर पुलिस ने इन संपत्तियों को नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से जुड़ी संपत्तियां माना और NDPS Act के प्रावधानों के तहत जब्ती की कार्रवाई की।


आर्थिक नेटवर्क पर पुलिस का फोकस
शिमला पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई अब केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस द्वारा नशे के कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क और ड्रग प्रोसीड्स की पहचान कर उनकी संपत्तियों को कानून के तहत जब्त करने पर भी जोर दिया जा रहा है।


पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 15 NDPS मामलों में 68 आरोपियों तथा उनके एसोसिएट्स की 12.52 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। इनमें आवासीय एवं व्यावसायिक भूमि, आवासीय अपार्टमेंट, व्यावसायिक दुकानें, लग्जरी एवं व्यावसायिक वाहन, बैंक जमा राशि, नकदी और सोने के आभूषण आदि शामिल हैं।


पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 और 2025 में इस प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई थी, जबकि वर्ष 2026 में नशा तस्करी से जुड़े आर्थिक संसाधनों पर कार्रवाई को विशेष रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।