/अवैध खनन पर बद्दी पुलिस की कार्रवाई, जेसीबी और टिप्पर जब्त; बिना नंबर का ट्रैक्टर भी पकड़ा

अवैध खनन पर बद्दी पुलिस की कार्रवाई, जेसीबी और टिप्पर जब्त; बिना नंबर का ट्रैक्टर भी पकड़ा

बद्दी, 22 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

पुलिस जिला बद्दी में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी और टिप्पर को जब्त किया है। इसके अलावा अवैध रूप से खनन सामग्री ले जा रहे बिना नंबर प्लेट के एक ट्रैक्टर को भी पकड़ा गया।


पुलिस के अनुसार, पुलिस चौकी जोगों की टीम रात्रि गश्त पर थी। इस दौरान रामपुर खड्ड में अवैध खनन करते हुए जेसीबी नंबर HP-07C-2096 और टिप्पर नंबर PB12Q-1701 को मौके पर पकड़ा गया। दोनों वाहन राजेंदर निवासी रामपुर गुजरा, डाकघर कालीबाड़ी, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के नाम पर पंजीकृत पाए गए।


पुलिस ने दोनों वाहनों के खिलाफ माइनिंग अधिनियम के तहत चालान किए हैं तथा आगामी कार्रवाई के लिए मामला न्यायालय में भेजा गया है।


वहीं, एक अन्य कार्रवाई में पुलिस थाना बद्दी की टीम ने मोरपिन रोड पर अवैध रूप से खनन सामग्री ले जा रहे बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर को पकड़ा। पुलिस ने चालक की पहचान मुकेश कुमार पुत्र मदन लाल, निवासी गांव अक्कावाली, तहसील बद्दी, जिला सोलन के रूप में की है। उक्त ट्रैक्टर का भी माइनिंग अधिनियम के तहत चालान किया गया है।


बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने वाले तथा अवैध खनन में संलिप्त लोगों और वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।