ग्राम पंचायत बातल में भूतपूर्व सैनिक सम्मान समारोह आयोजित।
सोलन (अर्की) 23 सितंबर.
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
सोलन जिले के अर्की जनपद की ग्राम पंचायत बातल में भूतपूर्व सैनिक लीग अर्की द्वारा भूतपूर्व सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

उन्होंने अमर जवान शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर संजय अवस्थी ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सैनिकों और पूर्व सैनिकों ने अपना जीवन समर्पित किया है। उनका त्याग, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगी। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों की सेवाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

विधायक ने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं और मांगों को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने पूर्व सैनिकों से आग्रह किया कि वे युवा पीढ़ी को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को शारीरिक विकास और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, ताकि वे नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
समारोह के दौरान विधायक ने पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों की जन समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
संजय अवस्थी ने सैनिक भवन बातल के शेष निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपये तथा एलईडी के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
भूतपूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदम देव ठाकुर एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा पूर्व सैनिकों से संबंधित विभिन्न विषयों और समस्याओं से विधायक को अवगत करवाया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा, पार्षदगण, ग्राम पंचायत बातल के प्रधान देवराज, पूर्व प्रधान रतन लाल शर्मा, भूतपूर्व सैनिक लीग जिला सोलन के अध्यक्ष सूबेदार मेजर मोहनलाल शर्मा, एसडीपीओ दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, बीएमओ अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार सहित भूतपूर्व सैनिक, उनके परिजन और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।








