सोलन 23 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में जिला योजना, विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए।
डॉ. शांडिल ने उचित मूल्य की दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने तथा सोलन, बद्दी, नालागढ़ व परवाणू में श्रम अधिकारियों को समय-समय पर उद्योगों का निरीक्षण कर श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी आग्रह किया।

बैठक में बताया गया कि मनरेगा के तहत वर्ष 2025-26 में 682 सक्रिय जॉब कार्डों के माध्यम से 5.38 लाख कार्य दिवस अर्जित किए गए और 18.38 करोड़ रुपये व्यय हुए।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 259 आवास स्वीकृत किए गए। अप्रैल से जून 2026 तक जिले में विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं को 80,310 क्विंटल खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई गई तथा 1,281 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं।

जल जीवन मिशन के तहत जिले के सभी गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने की जानकारी भी दी गई। लोक निर्माण विभाग ने सोलन-सुबाथू सड़क का कार्य शीघ्र शुरू होने की जानकारी दी।
बैठक में कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी, उपायुक्त मनमोहन शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।








