दो बसों की टक्कर में बाल-बाल बचे यात्री
नालागढ़, 24 सितंबर
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो / वर्मा
नालागढ़ के पीर स्थान क्षेत्र में आज गुरुवार दोपहर को फोरलेन निर्माण के बीच जर्जर सड़क पर बने गड्ढों के कारण दो बसों की टक्कर का मामला सामने आया।

हादसे में सभी यात्री सुरक्षित रहे, लेकिन निजी बस की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार पीर स्थान से पीछे मोड़ के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढों के बीच ओवरटेक करते समय एचआरटीसी बस का पहिया गड्ढे में चला गया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और साथ से गुजर रही पंजाब नंबर की निजी बस से टक्कर हो गई। टक्कर से निजी बस की खिड़कियों के शीशे टूट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के बाद नुकसान की भरपाई को लेकर दोनों पक्षों में बातचीत हुई।
बताया जा रहा है कि एचआरटीसी चालक ने मौके पर ही लगभग 10 हजार रुपये देकर आपसी सहमति से मामला निपटा लिया।

यह घटना एक बार फिर फोरलेन निर्माण के दौरान सड़क की खराब स्थिति पर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जगह-जगह बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए लगातार परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।









