शिमला, 3 अक्टूबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल की राजधानी शिमला के संजौली थाना क्षेत्र के बखराई स्थित दुर्गा माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी अजय पुत्र सोमनाथ, निवासी जिला गुमला, झारखंड, उम्र 26 वर्ष को 2 अक्टूबर 2026 को शनान गांव के पास से गिरफ्तार किया।

मिली जानकारी के मुताबिक 23-24 सितंबर की रात दुर्गा माता मंदिर, बखराई में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किए जाने की शिकायत पर पुलिस थाना संजौली में अभियोग संख्या 69/2026, धारा 305(a), 301 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया और उपलब्ध तकनीकी इनपुट का विश्लेषण किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था, जिसके चलते उसकी लोकेशन का पता लगाना चुनौतीपूर्ण रहा।
इसके बावजूद पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों के साथ मानवीय खुफिया तंत्र का भी इस्तेमाल करते हुए लगातार सुराग जुटाए। जांच के आधार पर आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में रखा है और उसे 3 अक्टूबर को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों तथा बरामदगी के संबंध में आगे की जांच जारी है।










