खनेरी अस्पताल में घायलों का उपचार जारी, पुलिस जुटी दुर्घटना के कारणों की जांच में
रामपुर, 9 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। पुलिस थाना रामपुर के अंतर्गत रायशरण नामक स्थान पर सुबह करीब 8 बजे हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस नंबर HP06A-5159 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में कुल 25 लोग सवार थे।
दुर्घटना में एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान वंश पुत्र सुरेन्द्र, निवासी गांव कराली, डाकघर डंसा, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी), खनेरी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस थाना रामपुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। जिला पुलिस शिमला ने युवक की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
साथ ही, पुलिस ने हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।






