/सोलन में टी.बी. मुक्त अभियान को मिला नया जोश, ‘जोश टीम’ का शुभारम्भ

सोलन में टी.बी. मुक्त अभियान को मिला नया जोश, ‘जोश टीम’ का शुभारम्भ

सोलन 8 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

टी.बी. मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से सोलन जिला में ‘जोश टीम’ का शुभारम्भ किया गया।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने अभियान के तहत ‘जोश टीम’ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने कहा कि ‘जोश टीम’ का उद्देश्य क्षय रोग से पीड़ित मरीजों में उपचार के प्रति उत्साह और जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टी.बी. उन्मूलन अभियान में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि टी.बी. केवल चिकित्सीय समस्या नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता से जुड़ा विषय भी है। इसके उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। अभियान के तहत क्षय रोगियों की समय पर पहचान, उनका पूर्ण उपचार और संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान टी.बी. के लक्षण पाए जाने पर मरीजों को उपचार और आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि टी.बी. के लक्षण महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं और समय पर उपचार शुरू करें।

इस अवसर पर नगर निगम सोलन की महापौर सुषमा शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक, जिला आयुष अधिकारी डॉ. निशा, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।