नालागढ़ 18 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
हिमाचल के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक हरदीप सिंह बावा की अध्यक्षता में वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) और वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) से संबंधित मामलों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई।

बैठक में वन भूमि से जुड़ी स्वीकृतियों, लंबित मामलों और उन पर अब तक हुई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान विभिन्न संपर्क मार्गों के निर्माण, पेयजल सुविधा के लिए जल भंडारण टैंकों के निर्माण, आरटीओ कार्यालय नालागढ़ के ड्राइविंग ट्रैक के लिए भूमि हस्तांतरण तथा औद्योगिक क्षेत्र तक सड़क निर्माण सहित अन्य विकासात्मक कार्यों पर चर्चा की गई। विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
विधायक हरदीप सिंह बावा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफआरए और एफसीए से संबंधित लंबित मामलों में आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों का निर्माण और बेहतर पेयजल सुविधाएं उपलब्ध करवाना लोगों की आवश्यकताओं से सीधे जुड़ा हुआ है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में संयुक्त निरीक्षण हो चुका है, उनकी निरीक्षण रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर आगामी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन मामलों में आवेदन या अन्य आवश्यक दस्तावेज लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
साथ ही, सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से मामलों के निपटारे में तेजी लाएं।

बैठक का संचालन उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने किया। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और प्रत्येक मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकासात्मक परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है।

बैठक में नालागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बाबूराम, तहसीलदार नालागढ़ हुसन चंद, खंड विकास अधिकारी नालागढ़ अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।








