नंगल में आयुष विभाग की पहल, योगाभ्यास के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया जागरूक
नालागढ़ (नंगल) 17 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितंबर 2026 को आयुष विभाग के आयुष्मान आरोग्य मंदिर नंगल की ओर से गांव नंगल स्थित दुर्गा माता मंदिर में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीतू ठाकुर ने 68 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान लोगों के मधुमेह, हीमोग्लोबिन (एचबी) और रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

डॉ. नीतू ठाकुर ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। काम का दबाव, अनियमित दिनचर्या और असंतुलित खानपान के कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल और थायरॉइड जैसी समस्याएं युवाओं में भी बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने पर ही व्यक्ति अपने दैनिक कार्यों को बेहतर ढंग से कर सकता है और दूसरों की सहायता करने में सक्षम होता है।
उन्होंने आयुर्वेद के अनुसार दिनचर्या और ऋतुचर्या का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को अपने खानपान और रहन-सहन में सुधार करना चाहिए। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील करते हुए कहा कि शराब, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है।
युवाओं को नशे के दलदल से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर योग गाइड श्री अजैब सिंह नायर ने लोगों को योग के महत्व के बारे में जागरूक किया तथा सर्वांगासन, धनुरासन, मकरासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम और शीर्षासन सहित विभिन्न योगाभ्यास करवाए।

कार्यक्रम में आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारी निशा सहित पवना देवी, कैलाश देवी, तरिपता, समीना, अजु, मोहित, पूनम, ममता, इंद्रपाल, सीमा, प्रियांशु ठाकुर तथा गांव के उपप्रधान पवन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, आयुर्वेद, योग और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।







