/सुन्नी में दो दिवसीय जिला स्तरीय दशहरा उत्सव संपन्न, 13 देवी-देवताओं ने लिया भाग

सुन्नी में दो दिवसीय जिला स्तरीय दशहरा उत्सव संपन्न, 13 देवी-देवताओं ने लिया भाग


हरि कृष्ण हिमराल और सुरेश नागटा ने की शिरकत, शिमला ग्रामीण में विकास कार्यों की सराहना

शिमला, 22 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

शिमला जिले के सुन्नी में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय दशहरा उत्सव पूरे उत्साह, उमंग और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

उत्सव में 13 स्थानीय देवी-देवताओं ने भाग लिया। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने क्षेत्र की समृद्ध देव संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।

उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या के समापन समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष इंजीनियर हरि कृष्ण हिमराल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए सभी पर देवी-देवताओं का आशीर्वाद बने रहने की प्रार्थना की।

हिमराल ने सुन्नी क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह, पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स और जे.बी.एल. खाची के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को याद किया।

उन्होंने वर्तमान में शिमला ग्रामीण के विधायक एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में जारी विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने लोगों से शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र को हिमाचल प्रदेश में विकास के मामले में नंबर एक बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

साथ ही मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों और विकास गतिविधियों की प्रशंसा की।

इससे पूर्व दशहरा उत्सव के समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुरेश नागटा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में शिमला ग्रामीण में हो रहे समग्र विकास कार्यों की सराहना की तथा देवता पांडोई, माहूं नाग, दानू देवता सहित उत्सव में उपस्थित सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद मांगा।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं विशेष अतिथि सत्यजीत नेगी ने सुन्नी की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की सराहना की। उन्होंने सफल एवं रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन के लिए नगर पंचायत सुन्नी की अध्यक्ष सत्या वर्मा के नेतृत्व वाली मेला समिति के प्रयासों की प्रशंसा की।

समारोह में मुख्य अतिथि हरि कृष्ण हिमराल और अन्य अतिथियों का मेला समिति तथा स्थानीय नेताओं ने स्वागत किया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सत्या वर्मा, एसडीएम राजेश वर्मा, तहसीलदार सुनील शर्मा, प्रशांत पंवार, दुष्यंत अत्रि, ओम प्रभा, मोनिका नेगी, हेमलता, अमित वर्मा, भीषम हिमराल, नारायण हिमराल, प्रवीण गुप्ता, मोहित गुप्ता, साहिल भारद्वाज, प्रतीक ठाकुर, उमा कश्यप, सतीश मेहता, आशा कंवर, हंस राज, राम सिंह जसवाल, मुकेश वर्मा, प्रदीप शर्मा, तेज राम शर्मा, पवन भंडारी, सत्य प्रकाश मेहता, कपिल गुप्ता, प्रेम रैना, हरदयाल शर्मा और विनोद शर्मा सहित एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दो दिवसीय दशहरा उत्सव ने सुन्नी की धार्मिक आस्था, देव परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करते हुए क्षेत्रवासियों को एकजुट होने का अवसर प्रदान किया।