दून विधायक राम कुमार चौधरी बोले—अन्य बदहाल सड़कों के टेंडर भी जल्द होंगे जारी
बद्दी (सोलन), 21 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अन्नपूर्णा होटल से वर्धमान चौक वाया मोरपिन रोड तक सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू हो गया है। करीब 1.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग को 15 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने बताया कि सड़क के पक्का होने से क्षेत्र के हजारों लोगों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की अन्य बदहाल सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य भी जल्द शुरू करवाए जाएंगे। इसके लिए संबंधित सड़कों के टेंडर जारी करने की प्रक्रिया को गति दी जा रही है।

विधायक ने बताया कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण (बीबीएनडीए) के माध्यम से री-टारिंग किए जाने वाले मार्गों के टेंडर जारी करने को लेकर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव के साथ विस्तृत चर्चा की जा चुकी है। इन सड़कों के टेंडर भी जल्द जारी किए जाएंगे।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र की सड़कों को बेहतर और दुरुस्त बनाना उनकी प्राथमिकता है।
उनका प्रयास है कि अगले दो महीनों के भीतर क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूरे करवा लिए जाएं। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और औद्योगिक क्षेत्र में यातायात भी अधिक सुगम हो सकेगा।










