किन्नौर के नीचार में संगठनात्मक बैठक, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने पर दिया जोर
किन्नौर, 20 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा ने मंगलवार को किन्नौर के नीचार में आयोजित संगठनात्मक बैठक को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, सक्रिय भागीदारी तथा जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की अमूल्य पूंजी है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय की विचारधारा पर आधारित संगठन है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत बनाने तथा मंडल से जिला स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतरता बनाए रखने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रियता से काम करना चाहिए।
बैठक के दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन को अधिक सक्रिय, अनुशासित और एकजुट बनाना जरूरी है। किन्नौर में पार्टी की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
श्रीकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता, समर्पण और सेवाभाव के साथ काम करने का आह्वान करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।








