/सोलन में वाहन चलाने को लेकर विवाद, दो वाहनों को नुकसान; पुलिस ने दर्ज किया मामला

सोलन में वाहन चलाने को लेकर विवाद, दो वाहनों को नुकसान; पुलिस ने दर्ज किया मामला

सोलन, 19 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

सोलन में गत 17 अक्टूबर को सड़क पर वाहन चलाने के तरीके को लेकर दो वाहन चालकों के बीच विवाद हो गया। एक पक्ष जिला सिरमौर का निवासी बस चालक है, जबकि दूसरा हरियाणा का स्कॉर्पियो चालक बताया गया है। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया, जिससे दो वाहनों को नुकसान पहुंचा।


पुलिस के अनुसार, घटना के समय मौके के नजदीक पुलिस दल मौजूद था। विवाद की स्थिति देखते ही पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले को बढ़ने से रोक दिया। घटना में किसी भी पक्ष के व्यक्ति को चोट नहीं आई।


पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान एक वाहन को स्कॉर्पियो चालक ने क्षतिग्रस्त किया, जबकि दूसरे वाहन को स्कॉर्पियो चालक के आक्रामक व्यवहार से आक्रोशित भीड़ ने नुकसान पहुंचाया।
इस मामले में पुलिस थाना सदर, सोलन में अभियोग संख्या 0231/2026, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।



जिला पुलिस सोलन ने लोगों से सड़क पर वाहन चलाते समय धैर्य और संयम बनाए रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही, लोगों से अफवाहों से बचने और बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को साझा न करने का आग्रह किया गया है।