दुकानदारों को सड़क और फुटपाथ पर सामान न रखने की हिदायत, यातायात नियमों के पालन की अपील
बद्दी, 18 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर बद्दी पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष अभियान चलाया। इसके तहत पुलिस थाना बद्दी की टीम ने साई रोड पर पैदल गश्त कर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया और दुकानदारों व स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने के प्रति जागरूक किया।

पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक रास्तों पर न रखें। इससे पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी नहीं होगी और वाहनों की आवाजाही भी सुचारू बनी रहेगी।

पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने से यातायात पर अतिरिक्त दबाव रहता है। ऐसे में दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का सहयोग जरूरी है। सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से यातायात बाधित होने के साथ आम लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने आम जनता, व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की कि वे त्योहारों के दौरान अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखें और बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। उन्होंने दुकानदारों से सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखने तथा सड़क, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने का आग्रह किया।
उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने और पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।

बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुचारू यातायात और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी जारी रहेगी।








