/जुब्बल में हत्या की गुत्थी सुलझी, नेपाल भागने की फिराक में दो आरोपी गिरफ्तार

जुब्बल में हत्या की गुत्थी सुलझी, नेपाल भागने की फिराक में दो आरोपी गिरफ्तार

दोची के समीप NH-705 के किनारे मिला था 33 वर्षीय नेपाली मजदूर का शव, झगड़े के बाद हत्या का आरोप

शिमला (जुब्बल), 21 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के एक मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नेपाल के निवासी हैं और पुलिस के अनुसार, घटना के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे।

पुलिस टीम ने उन्हें शिमला स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) से गिरफ्तार किया। मामले में आगामी जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 की रात शिकायतकर्ता साहिल अपने साथियों के साथ हटकोटी से मंडोल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोची के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-705 पर एक व्यक्ति खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मुख्य सड़क से नीचे नाले की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भी खून के निशान मिले, जिससे पुलिस को किसी आपराधिक वारदात की आशंका हुई।

इस संबंध में पुलिस थाना जुब्बल में 19 अक्टूबर को अभियोग संख्या 53/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मृतक की पहचान धीरेन्द्र थापा (33), पुत्र भीम बहादुर, निवासी नेपाल के रूप में हुई।

वह गांव बाउली, डाकघर दोची, तहसील जुब्बल में मजदूरी करते थे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना से पहले मृतक और दोनों आरोपी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद धीरेन्द्र थापा की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर शव को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे छोड़ दिया, ताकि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और क्षेत्र से बाहर निकलने का प्रयास किया। वे पहले खड़ापत्थर पहुंचे और वहां से एक पिकअप वाहन में लिफ्ट लेकर ठियोग के समीप पहुंचे।

पुलिस की नाकाबंदी की आशंका के चलते उन्होंने रात जंगल में बिताई। इसके बाद अगले दिन सुबह शिमला से नेपाल भागने की कोशिश की।

आरोपियों की गतिविधियों से संबंधित सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाश तेज की और दोनों को शिमला के ISBT से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्य दमाई उर्फ अनिश (27), पुत्र गोपाल दमाई, निवासी जिला गुल्मी, नेपाल तथा सुमन खड़का (27), पुत्र दुर्गा बहादुर खड़का, निवासी जिला सल्यान, नेपाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।